Tuesday, November 6, 2012

9002020721 इस नंबर पर रेलवे को सूचित करें


 रेलवे की ओर से रेल यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष नंबर की जानकारी दी गई है। पूर्व रेलवे सूत्रों के मुताबिक मोबाइल फोन नंबर 9002020721 पर कोई भी यात्री रेलवे स्टेशन और रेलगाड़ी में होने वाली किसी भी गलत कार्रवाई की जानकारी दे सकता है।
सूत्रों ने बताया कि रेलवे में गैर कानूनी सामान लेकर जाने वाले किसी व्यक्ति, विस्फोटक सामान देखने पर और समाजविरोधी लोगों की ओर से किसी तरह की घटना की जानकारी उक्त नंबर पर दी जा सकती है।
पूर्व रेलवे सूत्रों ने बताया कि विशेष मोबाइल फोन नंबर 9002020721 नंबर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जोनल सिक्युरिटी कंट्रोल में काम करेगा। यह नंबर कोलकाता स्थित पूर्व रेलवे के इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) - रेलवे सुरक्षा आयुक्त के कक्ष में लोगा। आगामी 7 नवंबर से यह नंबर काम करने लगेगा।

Tuesday, October 30, 2012

सेट टाप बाक्स के मुद्दे पर ममता ने दी आंदोलन की धमकी


 मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि 31 अक्तूबर के बाद  टेलीविजन ट्रांसमिशन को डिजीटाइजेशन के कारण बंद किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस  मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र राज्यों के साथ टकराव के रास्ते पर जा रहा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब सेट टाप बाक्स पास में नहीं हैं, तब केबल टीवी वाला एनालाग सिस्टम जारी रखा जाना चाहिए। केंद्र सरकार को इसका अधिकार नहीं है कि वह टीवी ब्लैक आउट कर दे। हम केंद्र के इस फैसले को आसानी से स्वीकार नहीं कर सकते।
उन्होंने जून महीने में केंद्र सरकार को टीवी डिजीटाइजेशन की अवधि बढ़ाने के लिए लिखा था। लेकिन इस बारे में किसी तरह का जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने खेद जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अगर जरुरत हुई तो हमलोग राज्य स्तर पर आंदोलन करेंगे और बाद में देश भर में आंदोलन किया जाएगा। उन्होेंने इस मौके पर अपने विचार प्रकट करते हुए कहाकि टीवी के डिजीटाइजेशन के मुद्दे पर केंद्र राज्यों के साथ टकराव के मूड में है।
इस बीच नगर विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने आज एमएसओ के साथ सेट टाप बाक्स की स्थित और 31 अक्तूबर के बाद की स्थित पर विचार-विमर्श किया। मालूम हो कि राज्य के सचिव और नगर विकास मंत्री ने केंद्र सरकार को अलग-अलग पत्र लिख कर मांग की थी कि फिलहाल एनालाग सिस्टम चलने दिया जाए। लेनिक केंद्र की ओर से किसी भी पत्र का जवाब नहीं दिया गया। इस बीच नगर विकास मंत्री ने एमएसओ से अपील की है कि 31 अक्तूबर के बाद केबल टीवी का प्रसारण बंद नहीं किया जाए। लेकिन सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार के मौजूदा रवैये को देख कर नहीं लगता कि टीवी के पर्दे पर अंधेरा नहीं छाएगा।
इधर जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आती जा रही है, लोग ज्यादा से ज्यादा सेट टाप बाक्स लगा रहे हैं। बीते कुछ दिनों में रिकार्ड संख्या में डीटीएच और सेट टाप बाक्स लगाए गए हैं। मंगलवार को महानगर कोलकाता और हावड़ा में ज्यादातर लोगों में टीवी स्क्रीन पर अंधेरा छाने और डीटीएच व्यवस्था लगवाने के लिए दुकानों में भीड़ सुबह से ही देखी जा रही थी। आंदुल रोड पर ऐसे ही एक विक्रेता ने बताया कि पिछले छह महीनों में जितने डीटीएच कनेक्शन नहीं लगे उतने बीतेएक हफ्ते में लग गए हैं। बुधवार आखरी दिन उम्मीद है कि सारे रिकार्ड टूट जाएंगे।
कें द्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक ज्यादातर लोग डीटीएच या सेट टाप बाक्स लगवा चुके हैं जबकि एक एमएसओ के मुताबिक सोमवार तक मुश्किल से 50 फीसद लोगों के घरों में सेट टाप बाक्स ही लग सकें हैं।


Monday, October 29, 2012

घटिया दर्जे की फिल्मों ने मणि को निर्देशन के लिए प्रेरित किया


    रोजा, बांबे और दिलसे जैसी   फिल्में बनाने वाले प्रसिद्ध  फिल्मकार मणि रत्नम का कहना है कि फिल्मों में आना महज एक हादसा है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान  कहा  कि करीब 35 साल पहले एक प्रमुख  बिजनेस स्कूल से एमबीए करने के बाद वह प्रबंधन सहालकार के रूप में अच्छा धन कमा  रहे थे और बेहतर जीवन गुजार रहे थे और यह संयोग ही था कि वे अचानक फिल्म उद्योग से जुड़ गए ।
 फिल्म जगत से जुड़ने के दिनों को याद करते हुए मणि बताते हैं कि वह महज एक हादसा था। मुझे फिल्मों से एक दर्शक से ज्यादा कुछ लगाव नहीं था। कभी भी यह नहीं सोचा था कि इसे कैरियर के तौर पर अपनाना है। यह भी नहीं सोचा था कि बैठ कर लिखुगां और वास्तव में फिल्म निर्देशन करूंगा। दूसरे दर्जे की तामिल फिल्में देख-देख कर व्यथित हुए मणि ने ठान लिया कि घटिया फिल्मों का दौर बदलना जरुरी है।
कमर्शियल तौर पर सफल और आलोचकों की प्रशंसा बटोरने वाले मणि आज भी मानते हैं कि तामिल में अच्छी फिल्मों का निर्माण किया जाता तो वे आज एक फिल्मकार नहीं बनते। उन दिनों की याद करते हुए वे कहते हैं कि बालाचंदर और महेंद्रन को छोड़ कर ज्यादातर लोगों से बनाई जाने वाली फिल्में अच्छी नहीं थी। तामिल सिनेमा जगत का रवैया स्थिरता वाला था। आम तौर पर साधारण स्तर की फिल्मों का निर्माण किया जा रहा था। फिल्मों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं रखने वालों को भी लगता था कि इससे बेहतर कुछ किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जब उनके मित्र रवि शंकर ने 1979 में कन्नड़ भाषा में एक फिल्म बनाने की तैयारी शुरू की तो पहली बार उन्होंने फिल्मों के लिए कलम थामी और उस फिल्म की पटकथा लिखी। हालांकि तब तक लिखने से मात्र इतना संबंध था कि होटल से पिता को पत्र लिखता था रुपए मांगने के लिए, इसके अलावा कभी कुछ नहीं लिखा था। पटकथा लेखन से कैरियर बदलने का सोचा और फिल्म निर्देशन करने का फैसला किया। यह फैसला तब किया गया जब यह पता चल गया कि मैं पटकथा लिख कर निर्देशक को बेच सकता हूं। इस बारे में सारी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही फिल्म जगत में जाने के बारे में सोचा गया।
उनकी पहली फिल्म कन्नड़ भाषा में पल्लवी अनुपल्लवी (1983) थी, इसके नायक अनिल कपूर थे। इसके बाद उन्होंने कला और वाणिज्य में तालमेल रखते हुए फिल्में बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने कई दक्षिण भारतीय भाषाओं में फिल्म निर्माण किया। कमल हासन के अभिनय से सजी उनकी नायकन को टाईम पत्रिका ने सौ सर्वश्रेष्ठ फिल्मों की सूची में शामिल किया था। हालांकि फिरोज खान ने जब इसे हिंदी में दयावान के नाम से बनाया तो फिल्म फ्लाप हो गई।
मणि निर्देशित युवा और बांबे को समाज के कई वर्ग की ओर से खास तौर पर सराहा गया। हालांकि उनका मानना है कि फिल्में संदेश देने के लिए नहीं बनाता। फिल्में अपने अनुभव को दूसरे से बांटने या किसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना है। एक समय पर एक ही फिल्म निर्देशित करने वाले मणि ने एक पुस्तक में अपने विचार प्रकट किये हैं। उनका मानना है कि यहां आने वाला व्यक्ति यहीं का होकर रह जाता है।

Monday, October 15, 2012

पत्रकार रंजीत सिंह लुधियानवी



पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद सुल्तान अहमद ने महालया के दिन एक भव्य समारोह में पत्रकार रंजीत सिंह लुधियानवी को सम्मानित किया गया। ऋषि अरविंद चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राज्य के वरिष्ठ पत्रकारों को पत्रकारिताके क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जनसत्ता, अजीत समाचार, अजीत और उनके पंजाबी मासिक पत्रिका के माध्यम से समाज को रोशनी देने की खासतौर पर प्रशंसा की गई। इस मौके पर आल इंडिया रेडियो के पत्रकार मोहम्मद मोहिसन, एबीपी आनंद के सुनीत हालदार, टेलीग्राफ की मीता मुखर्जी, पंचायत वार्ता के फटिक साव को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर ट्रस्ट की ओर से साप्ताहिक बांग्ला ग्रीन लैंड समाचार पत्र का अहमद ने लोकार्पण किया। समाचार पत्र के कार्यवाहक संपादक बंकिम चक्रवर्ती ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कारोबार की होड़ में यह समाचार पत्र शामिल नहीं होगा और पत्रकारिता के मानदंड की पहरेदारी करते हुए युवा पत्रकारों को बढ़ावा देने का काम करेगा। कार्यक्रम का संचालन शेख सोफियर रहमान और धन्यवाद ज्ञापन संजय पात्र ने किया।

दस रुपए में डाक्टर बाबू


  कोलकाता, 15 अक्तूबर (जनसत्ता)। साठ साल की उम्र में अवकाश ग्रहण करने के बाद ज्यादातर लोगों को आगे क्या करना है, इस बारे में सोचते ही रहते हैं। बहुत कम लोग ऐसे हैं जिन्हें अवकाश ग्रहण करने के बाद की जिंदगी योजनाबद्ध तरीके से प्लान कर ली हो। ऐसे ही लोगों में एक नाम डाक्टर कृष्णचंद्र बारुई का है। पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी ने अवकाश प्राप्त करने के बाद लोगों को सस्ती डाक्टरी इलाज देने की ठान ली । इसके तहत वे लोगों का इलाज कर रहे हैं। एयरपोर्ट, श्यामबाजार और बारासात के बिसरपाड़ा में उनके तीन चेंबर हैं। एक जगह उनकी फीस 10 रुपए, दूसरी जगह 20 रुपए और तीसरी जगह 40 रुपए फीस है। पहला चेंबर उनका अपना है, इसलिए दस रुपए उनकी जेब में जाते हैं जबकि दूसरी जगह 10 रुपए किराये के तौर पर और तीसरी जगह पांच रुपए किराये के तौर पर मकान मालिक को देते हैं।
पहली बार 1973 में सरकारी नौकरी मिली और 2006 में स्वास्थ्य अधिकारी बने। अवकाश प्राप्त करने के बाद पांच साल तक स्वास्थ्य विभाग के सलाहकार के तौर पर नियुक्त किये गए लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया । इसके बाद ‘गरीबों के लिए डाक्टरखाना’ 2011 में शुरू किया। महानगर में कहीं 300, 500, एक हजार रुपए तो कहीं इससे भी ज्यादा डाक्टरों की विजिटिंग फीस है। इतना ही नहीं कई प्रसिद्ध डाक्टरों ने तो अपनी पीआर एजेंसी को ठेकादे रखा है। एजेंसी का काम डाक्टरों का प्रचार-प्रसार करना होता है।
डाक्टर बारुई अपना प्रचार तो कर रहे हैं लेकिन इसके लिए किसी एजेंसी का सहारा नहीं लिया गया है। हैंडबिल और टेबुल कैलेंडर छाप कर लोगों में बांटा जा रहा है। उनका कहनाहै कि 10 रुपए में गुजारा तो मुश्किल है लेकिन आम लोगों की भलाई के लिए यह काम किया जा रहा है।

Wednesday, October 10, 2012

एक से ज्यादा रसोई गैस के लिए कई लोग तलाक लेने को तैयार !



 रसोई गैस के लिए लोग तलाक तक लेने की सोचने लगे हैं। केंद्र सरकार की ओर से एक परिवार के लिए सबसिडी वाले रसोई गैस सिलिंडर के मामले में नया फरमान जारी करने से लोगों में दहशत, गुस्सा और नाराजगी देखी जा रही है क्योंकि चार सौ रुपए में मिलने वाला सातवां  सिलिंडर नौ रुपए से भी ज्यादा कीमत चुकाने के बाद ही मिल सकेगा। हालात ऐसे हो गए हैं लोग बढ़ी हुई कीमत का मुकाबला करने के लिए नए से नए तरीके सोच रहे हैं। कई लोग इंडक्शन कुकर खरीदने के बारे में सोच रहे हैं लेकिन कुछ लोग तो परिवार तोड़ने के बारे में ही सोचने लगे हैं।
सरकारी ऐलान के बाद रसोई गैस डीलरों से उपभोक्तायों की मानसिक हालात का पता चलता है कि अस्वाभाविक तौर पर बढ़ाई गई कीमत पर लोग कहां तक सोच सकते हैं। कई महिलाओं ने अपने ग्राहक के बारे में जानकारी देने वाले केवाईसी फार्म भरने से पहले डीलरों से पूछा कि हमारे घर में दो लोगों के नाम पर दो गैस कनेक्शन लिये गए हैं। फार्म में यह भरकर देने पर कि पति-पत्नी अलग हैं और एक साथ खाना नहीं पकता है तो क्या दो कनेक्शन रखे जा सकते हैं? जबकि कुछ लोगों का सवाल है कि क्या वकील से तलाक की चिट्ठी का इंतजाम करने के बाद अतिरिक्त सिलिंडर मिल सकेगा या नहीं। दक्षिण कोलकाता के एक डीलर का कहना है कि कई घरों में देखा जा रहा है कि मकान के नीचे सीढ़ी के आसपास साफ-सफाई की जा रही है। जिससे शादी के 30-32 साल बाद लोगों को यह दिखाया जा सके कि हम अलग-अलग हैं।
इसी तरह कई लोगों का कहना है कि हमारे ससुर शाकाहारी भोजन खाते हैं, इसलिए उन्होंने तय किया है कि अपना खाना खुद पका कर खाएंगे। बूढ़े ससुर को इसके लिए तो अतिरिक्त सिलिंडर मिलना ही चाहिए। रसोई गैस की कीमत में वृद्धि के एलान के बाद जहां कुछ लोग इंडक्शन कूकर खरीद रहे हैं वहीं यह सवाल भी पूछा जा रहा है कि बिजली की लगातार बढ़ रही कीमत से इसका कोई फायदा भी होगा या नहीं। हालांकि दुकानदारों का कहना है कि पहले लोग इसके बारे में नहीं पूछते थे लेकिन अब खरीदने और इंडक्शन कूकर के बारे में पूछने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।
हालांकि इंडक्शन कूकर विक्रेताओं का दावा है कि इससे गैस के मुकाबले बहुत जल्दी खाना पकाया जा सकता है। यहां खाना जल्दी गर्म किया जा सकता है और बिजली का खर्च भी बहुत कम होगा। इसकी कीमत भी एक मध्यमवर्ग परिवार की क्रय शक्ति के भीतर  ही है। साधारण कूकर की कीमत तीन हजार रुपए से लेकर पांच हजार रुपए के बीच है। इसके साथ ही मुफ्त में तवा-प्रेशर कूकर भी मिल रहा है। ज्यादातर लोगों का मानना है कि खामोश बैठने से कुछ होने वाला नहीं है। महंगाई का मुकाबला करने के लिए कुछ न कुछ करना ही होगा। इसलिए सभी परिवारों की ओर से कुछ न कुछ सोचा जा रहा है जिससे रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को घटाया जा सके हालांकि लगातार बढ़ रही बिजली की दर लोगों को ज्यादा चिंतित कर रही है।
  गैस सिलिंडर वालों के लिए कुछ जरुरी तथ्य: रसोई गैस डीलरों की ओर से सबसिडी वाले छङ सिलिंडरों की सीमा निर्धारित किये जाने के बाद ग्राहकों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए केवाईसी फार्म भरे जा रहे हैं लेकिन इसमें गलत जानकारी देने वाले ग्राहकों के सभी कनेक्शन बंद हो सकते हैं। तेल कंपनियों और डीलरों से मिले आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल एक ही परिवार या एक ही ठिकाने पर एक से ज्यादा कनेक्शन लेने वालों को यह फार्म भरकर देना होगा। इतना ही नहीं एक व्यक्ति के दो अलग-अलग ठिकानों पर कनेक्शन हों, अलग कंपनियों के कई कनेक्शन हों प्राथमिक चरण में उन्हें ही यह फार्म भरना होगा। हालांकि बाद में सभी ग्राहकों को फार्म भरकर देना होगा।
केवाईसी फार्म ग्राहकों को मुफ्त में रसोई गैस वितरकों से मिल सकेगा। इसके लिए किसी भी तरह का मूल्य नहीं लिया जा सकता। कीमत लेना अपराध की श्रेणी में शामिल है। केवाईसी फार्म की जांच पहले पेट्रोलियम मंत्रालय का पोर्टल करेगा। इसके बाद वितरक की ओर से जांच की जाएगी। बाद में किसी तीसरे पक्ष से रैंडम तरीके से जांच करवाई जा सकती है। आगामी 31 अक्तूबर तक फार्म जमा देने की अंतिम तिथि है और पति-पत्नी और बच्चों के जितने भी रसोई घर हों, उसे एक ही परिवार माना जाएगा।
हाल तक सबसिडी वाले छह सिलिंडल लेने वाले ग्राहकों को भी 14 सितंबर के बाद सबसिडी वाले सिलिंडर मिल सकेंगे। बगैर सबसिडी वाले सिलिंडर की कीमत हर महीने की पहली तारीख को ग्राहकों को पता चल जाएगी। अभी तक अगर ग्राहकों के पास गैस की कापी या ब्लू बुक नहीं है तो ऐसे सभी ग्राहकों को  जल्दी से जल्दी प्राप्त करनी होगी। ग्राहक को मिलने वाली रसीद पर ही आगामी मार्च तक सबसिडी वाले तीन सिलेंडरों को ब्योरा दर्ज किया जाएगा।