Thursday, November 29, 2012

पश्चिमी सभ्यता से अलग है सिख धर्म


  रंजीत लुधियानवी
कोलकाता, 28 नवंबर। सिख धर्मa में कर्मकांड और अंधविश्वास की कोई जगह नहीं है, लेकिन लोग अज्ञान के चक्कर में पड़ कर ऐसी हरकतें करते है,ं जिनका सिख धर्म से कोई संबंध नहीं है। श्री दरबार साहिब (हरमंदिर साहिब, अमृतसर) के हेड ग्रंथी ज्ञानी जसवंत सिंह ने बुधवार को यह विचार व्यक्त किए। गुरु नानक देव जी के 544 वें पावन प्रकाश उत्सव के मौके पर महानगर कोलकाता के शहीद मिनार में आयोजित तीन दिवसीय गुरमति समागम के अंतिम दिन उन्होंने यह विचार प्रकट किए। श्री गुरू सिंह सभा,कोलकाता की ओर से गुरु नानक जयंती के मौके पर यह आयोजन किया गया। इस मौके पर स्थानीय धर्म प्रचारकों के अलावा पंजाब से पहुंचे कई प्रचारकों ने भी कथा,कीर्तन किया। मालूम हो कि अखंड पाठ के शुभारंभ के दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी यहां पहुंची थी। आज यहां आने वालों में कोलकाता नगर निगम के मेयर शोभन चट््टोपाध्याय समेत कई लोग थे।
ज्ञानी जसवंत सिंह ने इस मौके पर कहा कि विवाह के पहले सिखों में रिंग सेरेमनी करना का प्रचलन इन दिनों खासा चल रहा है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने फेरे लेने से पहले यह रस्म की जा रही है। गुरू के सामने विवाह से पहले सिख धर्म में किसी पुरुष के लिए दूसरी महिला का हाथ पकड़ना और किसी महिला की ओर से दूसरे पुरुष का हाथ पकड़ना पूरी तरह से गलत है। जब तक शादी नहीं होती दोनों एक दूसरे को स्पर्श भी नहीं कर सकते। क्या पता उनका विवाह होगा भी या नहीं। लेकिन लोग इससे पहले अंगुठी पहनाने की रस्म रिंग सेरेमनी कर रहे हैं।
इसी तरह सिख धर्म अंधविश्वास का खंडन करता है। गुरू नानक देव जी ने बचपन से इस दिशा में प्रचार शुरू कर दिया था जब उन्होंने जनेउ धारण करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद दसवें गुरू श्री गुरू गोविंद सिंह जी की ओर से खालसा पंथ की स्थापना करने के बाद साफ तौर पर एलान कर दिया गया कि सिखों को सिर्फ श्री गुरू ग्रंथ साहिब के सामने शीश झुकाना है। इसके अलावा किसी के सामने नतमस्तक नहीं होना है। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। यह सीधी तौर पर धर्म विरोधी काम है।
चाची, मौसी , मामी को आंटी कहकर पुकारने पर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि इससे रिश्ते की पहचान नहीं रहती है जबकि हमारी भाषा में अलग-अलग रिश्तों की अलग पहचान है। उसका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में रहने के लिए बांग्ला और अंग्रेजी भाषाओं का ज्ञान सभी पंजाबियों को होना चाहिए। इसमें कुछ गलत नहीं है। यह रोजगार और कारोबार के लिए बहुत जरुरी है। लेकिन इसके साथ ही पंजाबी भाषा का ज्ञान अति आवश्यक है। बंगाली या अंग्रेजी में कोई गुरुवाणी का सटीक उच्चारण कर ही नहीं सकता है जबकि पंजाबियों के लिए प्रतिदिन गुरुवाणी का पाठ करना जरुरी है। उन्होंने कहा कि सिख धर्म पश्चिमी सभ्यता से अलग है। इसलिए विदेशियों की नकल करके आप आगे नहीं बढ़ सकते हैं।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव का जन्म दिन मनाने की प्रक्रिया सबसे पहले एक मुसलमान राजा  राय बुलार ने शुरू की थी।  उन्होंने सात तोपों की सलामी दी थी। यह जन्मदिन जब मनाया गया तब पहले गुरू हमारे बीच मौजूद थे। लेकिन इन दिनों गुरु नानक जयंती का स्वरुप ही बदल गया है।
इस मौके पर कोलकाता के मेयर शोभन चट््टोपाध्याय ने कहा कि महानगर में रहने वाले सिखों की ओर से श्रृद्धा और उत्साह से अपने धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। नगर निगम इस मामले में सभी प्रकार की मदद करता है। किसी को समस्या हो तो सीधे संपर्क किया जा सकता है। अल्पसंख्यकों के लिए हमलोग सभी प्रकार की सहायता के लिए तैयार रहते हैं।
मालूम हो कि शहीद मिनार के साथ ही डनलप के गुरुद्वारा सिख संगत में भी नानक जयंती मनाई गई। इस मौके पर अखंड पाठ की समाप्ति के बाद लंगर वितरण किया गया। जिसमें हजारों लोगों ने लंगर छका। इसके साथ ही रक्त दान शिविर का भी आयोजन किया गया।

Sunday, November 25, 2012

कंप्यूटर की जानकारी नहीं रखने वाले अब क्लर्क भी नहीं बन सकेंगे


  कोलकाता, 25 नवंबर (जनसत्ता)। अब क्लर्क की नौकरी के लिए भी कंप्यूटर की जानकारी होनी चाहिए। राज्य सरकार के दफ्तरों में लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) पद के लिए कंप्यूटर की जानकारी आवश्यक की गई है। इस बारे में वित्त विभाग की ओर से एक सर्कुलर जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि क्लर्क पद के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त संस्था से कम से कम छह महीने का कंप्यूटर पाठ्यक्रम किया होना चाहिए। इतना ही नहीं कंप्यूटर के बारे में जानकारी रखने के साथ ही अंग्रेजी और बांग्ला में टाइप करना भी आना चाहिए । अंग्रेजी में प्रति मिनट 35 और बांग्ला में 25 शब्द टाइप करने की स्पीड होनी चाहिए।
राज्य सरकार के सर्कुलर में कहा गया है कि नौकरी की परीक्षा में कंप्यूटर की परीक्षा नहीं ली जाएगी। लेकिन नौकरी मिलने के बाद इस बारे में परीक्षा ली जाएगी। राज्य में सरकारी कर्मचारियों के लिए साल में दो बार कंप्यूटर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा में फेल होने वाले सरकारी कर्मचारियों की सालाना वेतन वृद्धि या इंक्रीमेंट रोक दिया जाएगा। वित्त सचिव की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में कहा ग  या है कि पब्लिक सर्विस कमिशन (पीसीएस) और स्टाफ सिलेक्शन कमिशन (एसएससी) के माध्यम से क्लर्क की नियुक्ति के लिए उक्त प्रावधान लागू होंगे। ग्रूप डी में नियुक्त हुए कर्मचारी प्रमोशन पाकर क्लर्क बनेंगे तो उन्हें भी कंप्यूटर की परीक्षा देनी होगी।
मालूम हो कि पहले राज्य में क्लर्क बनने के लिए टाइपिंग जानना जरुरी था। इसके लिए एक स्पीड भी तय की गई थी। नौकरी मिलने के बाद कनफर्म होने के लिए इसकी परीक्षा ली जाती थी। लेकिन 1984 में यह परीक्षा बंद कर दी गई। इन दिनों सरकारी दफ्तरों में टाइपराइटर का काम लगभग बंद हो गया है। यह काम अब कंप्यूटर के माध्यम से किया जाता है। टाइप कैडर को इस बीच डाइंग घोषित किया गया है। 2003 तक राज्य में टाइपिंग के लिए लोगों की नियुक्ति की गई थी। विभिन्न विभागों में कई हजार बांग्ला और अंग्रेजी टाइपिस्ट काम कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों का क्या किया जाएगा, इस बारे में राज्य सरकार के अधिकारी चिंतित हैं। कुछ टाइपिस्ट तो कंप्यूटर पर काम करते हैं लेकिन बताया जाता है कि ज्यादातर बेकार हैं।
सूत्रों ने बताया कि राईटर्स बिल्डिंग में कर्मचारी और प्रशासनिक संस्था के सचिव ने टाइपिस्टों के भविष्य को लेकर कर्मचारी संगठन के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने टाइपिस्टों को एलडीसी करने का सुझाव पेश किया,कर्मचारी संगठनों ने इस बारे में नाराजगी प्रकटकी है। उनका कहना है कि सालों से काम करने वाले कर्मचारी की वरिष्ठता प्रभावित हो सकती है। एलडीसी बनने पर ग्रेडेशन सूची में उनका नाम सबसे नीचे होगा। उनसे पहले जुनियर कर्मचारियों को पहले प्रमोशन मिल जाएगा। हालांकि बैठक में इस बारे में कोई सहमति नहीं बन सकी लेकिन राज्य सरकार का कहना है कि सरकारी काम में तेजी लाने के लिए कंप्यूटर की जानकारी जरुरी है। बगैर काम के लोगों को बैठा कर वेतन नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सरकारी कर्मचारियों की नौकरी की उम्र बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके मद्देनजर क्लर्को की भर्ती के लिए उम्र 18 साल से लेकर 40 साल तक की गई है।

Tuesday, November 6, 2012

9002020721 इस नंबर पर रेलवे को सूचित करें


 रेलवे की ओर से रेल यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष नंबर की जानकारी दी गई है। पूर्व रेलवे सूत्रों के मुताबिक मोबाइल फोन नंबर 9002020721 पर कोई भी यात्री रेलवे स्टेशन और रेलगाड़ी में होने वाली किसी भी गलत कार्रवाई की जानकारी दे सकता है।
सूत्रों ने बताया कि रेलवे में गैर कानूनी सामान लेकर जाने वाले किसी व्यक्ति, विस्फोटक सामान देखने पर और समाजविरोधी लोगों की ओर से किसी तरह की घटना की जानकारी उक्त नंबर पर दी जा सकती है।
पूर्व रेलवे सूत्रों ने बताया कि विशेष मोबाइल फोन नंबर 9002020721 नंबर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जोनल सिक्युरिटी कंट्रोल में काम करेगा। यह नंबर कोलकाता स्थित पूर्व रेलवे के इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) - रेलवे सुरक्षा आयुक्त के कक्ष में लोगा। आगामी 7 नवंबर से यह नंबर काम करने लगेगा।

Tuesday, October 30, 2012

सेट टाप बाक्स के मुद्दे पर ममता ने दी आंदोलन की धमकी


 मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि 31 अक्तूबर के बाद  टेलीविजन ट्रांसमिशन को डिजीटाइजेशन के कारण बंद किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस  मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र राज्यों के साथ टकराव के रास्ते पर जा रहा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब सेट टाप बाक्स पास में नहीं हैं, तब केबल टीवी वाला एनालाग सिस्टम जारी रखा जाना चाहिए। केंद्र सरकार को इसका अधिकार नहीं है कि वह टीवी ब्लैक आउट कर दे। हम केंद्र के इस फैसले को आसानी से स्वीकार नहीं कर सकते।
उन्होंने जून महीने में केंद्र सरकार को टीवी डिजीटाइजेशन की अवधि बढ़ाने के लिए लिखा था। लेकिन इस बारे में किसी तरह का जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने खेद जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अगर जरुरत हुई तो हमलोग राज्य स्तर पर आंदोलन करेंगे और बाद में देश भर में आंदोलन किया जाएगा। उन्होेंने इस मौके पर अपने विचार प्रकट करते हुए कहाकि टीवी के डिजीटाइजेशन के मुद्दे पर केंद्र राज्यों के साथ टकराव के मूड में है।
इस बीच नगर विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने आज एमएसओ के साथ सेट टाप बाक्स की स्थित और 31 अक्तूबर के बाद की स्थित पर विचार-विमर्श किया। मालूम हो कि राज्य के सचिव और नगर विकास मंत्री ने केंद्र सरकार को अलग-अलग पत्र लिख कर मांग की थी कि फिलहाल एनालाग सिस्टम चलने दिया जाए। लेनिक केंद्र की ओर से किसी भी पत्र का जवाब नहीं दिया गया। इस बीच नगर विकास मंत्री ने एमएसओ से अपील की है कि 31 अक्तूबर के बाद केबल टीवी का प्रसारण बंद नहीं किया जाए। लेकिन सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार के मौजूदा रवैये को देख कर नहीं लगता कि टीवी के पर्दे पर अंधेरा नहीं छाएगा।
इधर जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आती जा रही है, लोग ज्यादा से ज्यादा सेट टाप बाक्स लगा रहे हैं। बीते कुछ दिनों में रिकार्ड संख्या में डीटीएच और सेट टाप बाक्स लगाए गए हैं। मंगलवार को महानगर कोलकाता और हावड़ा में ज्यादातर लोगों में टीवी स्क्रीन पर अंधेरा छाने और डीटीएच व्यवस्था लगवाने के लिए दुकानों में भीड़ सुबह से ही देखी जा रही थी। आंदुल रोड पर ऐसे ही एक विक्रेता ने बताया कि पिछले छह महीनों में जितने डीटीएच कनेक्शन नहीं लगे उतने बीतेएक हफ्ते में लग गए हैं। बुधवार आखरी दिन उम्मीद है कि सारे रिकार्ड टूट जाएंगे।
कें द्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक ज्यादातर लोग डीटीएच या सेट टाप बाक्स लगवा चुके हैं जबकि एक एमएसओ के मुताबिक सोमवार तक मुश्किल से 50 फीसद लोगों के घरों में सेट टाप बाक्स ही लग सकें हैं।


Monday, October 29, 2012

घटिया दर्जे की फिल्मों ने मणि को निर्देशन के लिए प्रेरित किया


    रोजा, बांबे और दिलसे जैसी   फिल्में बनाने वाले प्रसिद्ध  फिल्मकार मणि रत्नम का कहना है कि फिल्मों में आना महज एक हादसा है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान  कहा  कि करीब 35 साल पहले एक प्रमुख  बिजनेस स्कूल से एमबीए करने के बाद वह प्रबंधन सहालकार के रूप में अच्छा धन कमा  रहे थे और बेहतर जीवन गुजार रहे थे और यह संयोग ही था कि वे अचानक फिल्म उद्योग से जुड़ गए ।
 फिल्म जगत से जुड़ने के दिनों को याद करते हुए मणि बताते हैं कि वह महज एक हादसा था। मुझे फिल्मों से एक दर्शक से ज्यादा कुछ लगाव नहीं था। कभी भी यह नहीं सोचा था कि इसे कैरियर के तौर पर अपनाना है। यह भी नहीं सोचा था कि बैठ कर लिखुगां और वास्तव में फिल्म निर्देशन करूंगा। दूसरे दर्जे की तामिल फिल्में देख-देख कर व्यथित हुए मणि ने ठान लिया कि घटिया फिल्मों का दौर बदलना जरुरी है।
कमर्शियल तौर पर सफल और आलोचकों की प्रशंसा बटोरने वाले मणि आज भी मानते हैं कि तामिल में अच्छी फिल्मों का निर्माण किया जाता तो वे आज एक फिल्मकार नहीं बनते। उन दिनों की याद करते हुए वे कहते हैं कि बालाचंदर और महेंद्रन को छोड़ कर ज्यादातर लोगों से बनाई जाने वाली फिल्में अच्छी नहीं थी। तामिल सिनेमा जगत का रवैया स्थिरता वाला था। आम तौर पर साधारण स्तर की फिल्मों का निर्माण किया जा रहा था। फिल्मों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं रखने वालों को भी लगता था कि इससे बेहतर कुछ किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जब उनके मित्र रवि शंकर ने 1979 में कन्नड़ भाषा में एक फिल्म बनाने की तैयारी शुरू की तो पहली बार उन्होंने फिल्मों के लिए कलम थामी और उस फिल्म की पटकथा लिखी। हालांकि तब तक लिखने से मात्र इतना संबंध था कि होटल से पिता को पत्र लिखता था रुपए मांगने के लिए, इसके अलावा कभी कुछ नहीं लिखा था। पटकथा लेखन से कैरियर बदलने का सोचा और फिल्म निर्देशन करने का फैसला किया। यह फैसला तब किया गया जब यह पता चल गया कि मैं पटकथा लिख कर निर्देशक को बेच सकता हूं। इस बारे में सारी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही फिल्म जगत में जाने के बारे में सोचा गया।
उनकी पहली फिल्म कन्नड़ भाषा में पल्लवी अनुपल्लवी (1983) थी, इसके नायक अनिल कपूर थे। इसके बाद उन्होंने कला और वाणिज्य में तालमेल रखते हुए फिल्में बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने कई दक्षिण भारतीय भाषाओं में फिल्म निर्माण किया। कमल हासन के अभिनय से सजी उनकी नायकन को टाईम पत्रिका ने सौ सर्वश्रेष्ठ फिल्मों की सूची में शामिल किया था। हालांकि फिरोज खान ने जब इसे हिंदी में दयावान के नाम से बनाया तो फिल्म फ्लाप हो गई।
मणि निर्देशित युवा और बांबे को समाज के कई वर्ग की ओर से खास तौर पर सराहा गया। हालांकि उनका मानना है कि फिल्में संदेश देने के लिए नहीं बनाता। फिल्में अपने अनुभव को दूसरे से बांटने या किसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना है। एक समय पर एक ही फिल्म निर्देशित करने वाले मणि ने एक पुस्तक में अपने विचार प्रकट किये हैं। उनका मानना है कि यहां आने वाला व्यक्ति यहीं का होकर रह जाता है।

Monday, October 15, 2012

पत्रकार रंजीत सिंह लुधियानवी



पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद सुल्तान अहमद ने महालया के दिन एक भव्य समारोह में पत्रकार रंजीत सिंह लुधियानवी को सम्मानित किया गया। ऋषि अरविंद चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राज्य के वरिष्ठ पत्रकारों को पत्रकारिताके क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जनसत्ता, अजीत समाचार, अजीत और उनके पंजाबी मासिक पत्रिका के माध्यम से समाज को रोशनी देने की खासतौर पर प्रशंसा की गई। इस मौके पर आल इंडिया रेडियो के पत्रकार मोहम्मद मोहिसन, एबीपी आनंद के सुनीत हालदार, टेलीग्राफ की मीता मुखर्जी, पंचायत वार्ता के फटिक साव को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर ट्रस्ट की ओर से साप्ताहिक बांग्ला ग्रीन लैंड समाचार पत्र का अहमद ने लोकार्पण किया। समाचार पत्र के कार्यवाहक संपादक बंकिम चक्रवर्ती ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कारोबार की होड़ में यह समाचार पत्र शामिल नहीं होगा और पत्रकारिता के मानदंड की पहरेदारी करते हुए युवा पत्रकारों को बढ़ावा देने का काम करेगा। कार्यक्रम का संचालन शेख सोफियर रहमान और धन्यवाद ज्ञापन संजय पात्र ने किया।