Tuesday, August 28, 2012

सेक्स से इंकार करने पर 72 वर्षीय पति ने 65 साल की पत्नी को मार डाला


  एक 72 साल के वृद्ध ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी की उम्र 65 साल है। पति शारीरिक संबंध (सेक्स) करना चाहता था लेकिन पत्नी ने इंकार कर दिया। इससे गुस्से में पगलाए पति ने पत्नी की हत्या कर दी। हालांकि हत्या के बाद उसने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह सनसनीखेज घटना उत्तर चौबीस परगना जिले में घोला थाना इलाके के बोर्ड घर स्थित हेमंतनगर में हुई है। मरने वाली महिला का नाम लक्ष्मी मंडल (65) बताया गया है। जबकि हत्या करने वाले  पति का नाम  कृष्णपद मंडल (72) है।
सूत्रों ने बताया कि शारीरिक संबंध कायम करने को लेकर वृद्ध दंपति में लगभग आए दिन विवाद रहता था। पति जहां इसके लिए पत्नी पर दबाव डालता था वहीं पत्नी इसका विरोध करती थी। इसके उनमें झगड़ा होता रहता था । सोमवार भी इसी तरह दोनों में विवाद शुरू हुआ। इलाके के लोगों के लिए यह प्रतिदिन का नाटक था। लेकिन कल रात गुस्साए पति ने कुदाल से पत्नी को ऐसा मारा की उसकी मौत हो गई। जब पति को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उसने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की। वृद्ध का इलाज पानीहाटी स्टेट जनरल अस्पताल में चल रहा है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस का मानना है कि मानसिक हालत खराब होने के कारण पति ने ऐसा किया है।

भोजपुरी मरते दम तक छोड़ने का इरादा नहीं: रवि किशन








। भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार रवि किशन का कहना है कि भोजपुरी तो मां के बराबर है, इसलिए भोजपुरी भाषा में फिल्मेंं करना कभी भी बंद नहीं करुंगा। कोलकाता के एल्गिन रोड स्थित  चाय ब्रेक लॉज में ‘जीना है तो ठोक डाल ’ के प्रमोशन पर महानगर पहुंचे रवि किशन ने एक विशेष बातचीत में कहा कि टीवी के कई शो और मुंबई में फिल्मों में व्यस्तता बढ़ गई है, इसके साथ ही मराठी और बांग्ला फिल्में भी कर रहा है। समय की कमी को देखते हुए कम भोजपुरी फिल्में करने का फैसला किया है। इस बारे में उनका कहना है कि पहले साल में कम से कम 12 फिल्मों में काम करता था लेकिन अब तीन-चार फिल्में कर रहा हूं। इस साल का कोटा तो पूरा भी कर दिया है।
सलमान खान के साथ तेरे नाम, मणि रत्नम  के साथ रावण, सैफ अली खान के साथ एजेंट विनोद, करिश्मा कपूर के साथ डेंजरस इश्क में काम करने वाले रवि किशन को मुंबई में 20 साल तक संघर्ष करने के बाद वास्तिवक तौर पर  पहला बड़ा ब्रेक ‘जीना है तो ठोक डाल ’ से ही मिला है। इस फिल्म की शुटिंग पूर्णिया और मुंबई में हुई है। मुंबई में दो-दो नायिकाओं के साथ  अकेले हीरो के तौर पर पहली फिल्म से खासे उत्साहित हैं। उनका कहना है कि इन दिनों मल्टीप्लेक्स की बदौलत हर तरहकी फिल्में चल रही हैं। गैंग आफ वासेपुर की तरह इसकी भी कहानी बिहार की पृष्ठभूमि को लेकर बनाई गई है।
बीस साल बाद मुंबई की किसी हिंदी फिल्म में पहली बार ब्रेक मिलने पर उनका कहना है कि लोग चलकर सफलता की सीढ़ी चढ़ते हैं, लेकिन मैं यहां तक रेंग कर पहुंचा हूं। हालांकि उनका कहना है कि एके हंगल को 50 साल की उम्र में ब्रेक मिला था, नाना पाटेकर जैसे और भी कई ऐसे अभिनेता हैं जिन्हें ज्यादा उम्र के बाद मौके मिले। इसलिए ईश्वर की दया है कि मुझे मौका तो मिल गया, ऐसे भी कई लोग हैं जिन्हें जीवन भर मौका ही नहीं मिलता।
साढ़े पांच करोड़ की बजट की फिल्म हिंदी फिल्म जगत में कितना प्रभाव डाल सकेगी, इस बारे में पूछे एक सवाल पर उनका कहना है कि यह सच है कि मुंबई में एक ही गाने पर इतने रुपए खर्च कर दिये जाते हैं। लेकिन 14 सितंबर को प्रदर्शित होने वाली  हमारी फिल्म गीत, संगीत, कथा समेत सभी विभागों में लोगों को मनोरंजन करेगी, इसलिए इससे खासी उम्मीद है। फिल्म की कहानी के बारे में उनका कहना है कि चार दोस्तों को सुपारी मिलती है कि एक हत्या करनी है, आठ लाख रुपए मिलेंगे। गांव के हमारे जैसे लोगों को आठ लाख आठ करोड़ से ज्यादा लगते हैं और मुंबई हत्या करने पहुंच जाते हैं। यहां एक विदेशी युवती की हत्या करनी है, जिससे मुझे प्यार हो जाता है। इसके बाद दोस्तों में हत्या करने को लेकर तनाव, क्या हम हत्या कर सकते हैं, क्या मेरे दोस्त मुझे मार डालते हैं या मैं सभी की हत्या करता हूं। यह देखने लायक है। फिल्म के क्लाईमेक्स के 40 मिनट तो दर्शकों की सांसें रोक देंगे।
कई टीवी शो में हिस्सा लेने के बाद भी सफलता की सीढ़ी चढ़ने में नाकाम रहे रवि किशन का कहना है कि टीवी शो एक अद्भूत खेल है, इसका मकसद लोगों को भरपूर मजे देना होता है। लोग आनंद लेते हैं और सारे लोग खुश हो जाते हैं। इसमें लोकप्रियता और दूसरी चीजे ज्यादा मायने नहीं रखती।
निमात्री अपर्णा होशिंग, निर्देशक मनीष वातसल्य, संगीतकार शादाब, अभिनेता यशपाल शर्मा का मानना है कि कम बजट में ऐसी फिल्म कम ही बनती है।  नायिका पूजा का मानना है कि भले ही फिल्म का टाईटल हिंसक है लेकिन इसमें लोगों को संदेश दिया गया है कि गलत काम करने वालों का अंत कभी भी भला नहीं होता। कहा जा सकता है कि,‘ कर भला तो हो भला और कर बुरा तो हो बुरा। ’

Friday, August 24, 2012

दार्जिलिंग में पर्यटकों से 10 रुपए वसूलने के निर्देश



 अब दार्जिलिंग की सैर करने के लिए जाने वाले पर्यटकों से 10 रुपए टैक्स वसूला जाएगा। गोरखा टेरीटोरियल एडमिनीस्ट्रेशन (जीटीए) प्रमुख बिमल गुरूंग ने दार्जिलिंग नगरपालिका को यह निर्देश जारी किया है। सफाई के लिए यहां आने वाले पर्यटकों से कर वसूली की जाएगी। यह वसूली होटले के माध्यम से की जाएगी। होटल में रहने वाले किराये के कारण प्रति व्यक्ति 10 रुपए अतिरिक्त बिल में जोड़ेंगे।
नगरपालिका के अध्यक्ष अमर सिंह राई का कहना है कि दार्जिलिंग में लगभग हर मौसम में भारी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। भारी संख्या में लोगों के यहां आने से प्रदूषण फैलता है। हालांकि होटल मालिकों के संगठन का कहना है कि कर वसूली के बारे में विचार-विमर्श के बाद फैसला किया जाएगा।

Monday, August 13, 2012

आठ फीट तीन इंच की सिद्दिका बगैर इलाज घर लौटी



 सिद्दिका परवीन (25) रविवार को अपना इलाज को बीच में छोड़ घर लौट गयी. वह राज्य के सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल एसएसकेएम (आइपीजीएमइआर)) में पांच जुलाई से भरती थी. उसके पिट्यूटरी ग्लैंड में एक टय़ूमर है.
इस कारण वह एक दिन में पांच से सात किलो चावल खाती है. उसका वजन लगभग 160 किलो है और ऊंचाई आठ फीट तीन इंच है. उसके इलाज के लिए अस्पताल में मेडिकल बोर्ड का गठन हुआ था. डॉक्टरों के अनुसार, सिद्दिका की एक सजर्री होनी थी. इसके बाद उसे हर महीने एक इंजेक्शन लेना पड़ता, जो पूरी जिंदगी चलती. एक इंजेक्शन का मूल्य 55 हजार रुपये है.
गौरतलब है कि अब तक उसके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन कर रही थी. उसके परिजनों का आरोप है कि सिद्दिका एक माह से इस अस्पताल में भरती थी, लेकिन उसकी स्थिति जस की तस है.
उसके इलाज में कोताही बरती गयी. अस्पताल में सिद्दीका को भर पेट भोजन भी नहीं मिल रहा था. उसके परिजनों को यह डर सता रहा है कि अगर सजर्री के बाद इस इंजेक्शन का खर्च सरकार से नहीं मिले, तो फिर उसके लिए काफी समस्या होती.
सिद्दिका के पिता किसान हैं. उनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है कि वह बेटी का इलाज करा सकें. इसलिए वह अपनी बेटी को लेकर घर लौट आये. सिद्दिका के पिता ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर लापरवाही बरत रहे थे. वह जिस बेड पर सोती थी, उसकी लंबाई भी कम थी. इस तरह की कई परेशानियों की वजह से वह सिद्दिका का इलाज करवाये बगैर लौट गये.



ममता के विरोध के बावजूद राज्य में फारवर्ड ट्रेडिंग

 मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फारवर्ड ट्रेडिंग के मुद्दे पर केंद्र सरकार का जोरदार विरोध किया है और कहा है कि राज्य में किसी भी हालत पर इसका समर्थन नहीं करेंगी। लेकिन इसके बावजूद राज्य में इस तरह से कारोबार किया जा रहा है जिसका नतीजा है कि आम लोगों की रसोई के लिए अति आवश्यक सरसों के तेल के साथ ही दाल, आटा, मैदा, चीनी समेत दूसरी वस्तुओं की कीमत में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते एक महीने के दौरान रसोई की वस्तुओं में वृद्धि उल्लेखनीय रही है। कोलकाता, हावड़ा समेत राज्य की दुकानों में आटा और मैदा की कीमतों में तीन-चार रुपए किलोग्राम की दर से वृद्धि हुई है। इसी तरह सरसों के तेल में भी आठ रुपए से लेकर 10 रुपए तक वृद्धि हुई है। विभिन्न तरह की दालों की कीमत भी छह से लेकर 10 रुपए तक महंगी हो गई है। इसके साथ ही मशाले भी पीछे नहीं हैं। मसालों की कीमतों प्रति किलो एक महीने में 80 से लेकर 90 रुपए तक बढ़ गई है। इसी तरह बिस्कुट, साबुन, डिटरजेंट , टूथ पेस्ट से लेकर सिर में लगाने वाले तेल की कीमतों का भी वैसा ही हाल है। अंडे की दर कुछ घटने के बाद फिर बढ़ गई है।
बाजार के आंकड़ों के मुताबिक एक महीने पहले आटा 16 रुपए किलोग्राम की दर से बिक रहा था, यह अब 19 रुपए तक पहुंच गया है। इसी तरह मैदा 17 रुपए से 20 रुपए, सरसों तेल 90 रुपए से एक सौ रुपए, मसूल दाल 67 से 73, मटर दाल 38 से 46, मूंग दाल 95 से 110 , चीनी 36 से 42, जीरा 180 से 200, हल्दी 120 रुपए से लेकर 140 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है।
हालांकि चावल की कीमतों में कुछ गिरावट के संकेत हैं। मालूम हो कि चावल, आलू, साग-सब्जी का उत्पादन ही राज्य में होता है, इसलिए इनकी कीमतों पर राज्य सरकार अंकुश लगा सकती है। जबकि दाल, आटा, मैदा, चीनी, मसालों समेत दूसरा सामान देश के दूसरे राज्यों से यहां आता है। मांग से लगभग दुगना उत्पादन होने के बाद भी तमाम सरकारी कोशिशें नाकाम हो गई हैं और आलू 15-16 रुपए से नीचे उतरने का नाम ही नहीं ले रहा है। जबकि मैदा, आटा, तेल, चीनी महंगी क्यों हो गई है इस बारे में विक्रेता से लेकर क्रेता तक अंधेरे में हैं। यह भी कहा जा रहा है डीजल की कीमतें बढ़ने के कारण परिवहन खर्च में वृद्धि हुई है, इसका असर आवश्यक वस्तुओं की कीमत पर पड़ा है। लेकिन व्यापारियों का कहना है कि महंगाई का यह इकलौता कारण नहीं है।
बड़ाबाजार के व्यापारियों की मानें तो उनके मुताबिक महंगाई का कारण उत्पादन में कमी या आपूर्ति व्यवस्था में गड़बड़ी नहीं है। इसका मुख्य कारण फारवर्ड ट्रेडिंग है। बड़ी-बड़ी कंपनियों की ओर से अग्रिम व्यापार या फारवर्ड ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपए का माल खरीद कर गोदाम में इकट्ठा कर रखा है। इस साल देश में बारिश आशानुसार नहीं हुई है। उत्तर, दक्षिण और पश्चिम भारत के कई जिलों 50 फीसद से भी कम बारिश हुई है। इसका असर उत्पादन पर हुआ है। बारिशकी कमी के कारण जमीन का जलस्तर भी प्रभावित हुआ है। इससे दालों का उत्पादन और गन्ने के उत्पादन पर असर पड़ा है। मौके को देखते हुए कार्पोरेट संस्थाओं ने भी कीमतों में वृद्धि शुरूकर दी है। जिससे लगभग सभी वस्तुएं महंगी हो गई हैं।
रमजान का महीना चल रहा है, इसके बाद बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार दुर्गापूजा आने वाला है। इसके बाद दीपावली की बारी है। कुछ व्यापारियों का कहना है कि हर साल त्योहार के मौके पर कीमतों में वृद्धि होती है। लेकिन इस साल कीमतों में भारी वृद्धि का कारण फारवर्ड ट्रेडिंग है। इसमें खुदरा या थोक व्यापारियों का कोई हाथ नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ तौर पर एलान किया है कि वे फारवर्ड ट्रेडिंग का समर्थन नहीं करते हैं और इसे किसी भी हालत में लागू नहीं होने देंगे। आरोप है कि सब्जी की कीमतों के खिलाफ उन्होंने जैसे कार्रवाई की थी,जिससे कीमतें बहुत घट गई थी  कार्पोरेट संस्थाओं के खिलाफ ऐसा कुछ नहीं किया  जा रहा है। मुख्यमंत्री ने एलान किया था कि इंफोर्समेंट ब्रांच की ओर से गैरकानूनी तौर पर स्टाक जमा करके रखे गोदामों पर छापामारी की जाएगी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया, जिससे कीमते हैं कि घटने का नाम ही नहीं ले रही हैं।

Friday, August 10, 2012

पिंकी प्रमाणिक दोबारा सियालदह स्टेशन पर टिकटों की जांच कर रही

 एशियन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता एथलीट पिंकी प्रमाणिक को रेलवे की ओर से दोबारा नौकरी पर रख लिया गया है। लिंग निर्धारण और एक महिला की ओर से बलात्कार की शिकायत किये जाने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था। पिंकी ने गुरुवार को सियालदह स्टेशन पर अपनी पुरानी टीटीई की नौकरी शुरू कर दी।
शुक्रवार को पिंकी ने पत्रकारों को बताया कि दोबारा काम पर पहुंचने पर बेहद खुशी हुई है। बीते दिनों जैसे हालात से गुजरी हुं कि कुछ कहना मुश्किल है। गत आठ अगस्त को मैने दोबारा काम पर रखे जाने की सिफारिश की थी और मुझे तुरंत काम पर रख लिया गया। इसके लिए मैं रेलवे की आभारी हूं।
उसने बताया कि उसके सहकर्मी बहुत मददगार हैं और मेरा सम्मान करते हैं। कई लोगों ने तो मेरे साथ तस्वीरें भी खिंचाई। इधर रेलवे के एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि पिंकी ने जमानत के आदेश की प्रतिलिपि दाखिल की थी। इसके बाद ही निलंबन वापस ले लिया गया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के कानून के मुताबिक 48 घंटे पुलिस हिरासत में रहने वाले रेलवे कर्मचारी को निलंबित कर दिया जाता है। लेकिन जमानत मिलने के बाद उसने सिफारिश की और निलंबन वापस ले लिया गया।