Monday, September 5, 2011

जगमोहन मूंदड़ा का निधन


फिल्म निर्देशक जगमोहन मूंदड़ा का 4 सितम्बर, रविवार की सुबह निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि मूंदड़ा (62) पिछले तीन दिन से अस्पताल में थे। मूंदड़ा को सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के लिए पहचाना जाता था। उनकी मुख्य फिल्मों में नंदिता दास अभिनीत ‘बवंडर’ और ऐश्वर्या राय अभिनीत ‘प्रोवोक्ड’ प्रमुख थीं।

आईआईटी मुंबई से पढ़े मूंदड़ा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे, लेकिन उन्होंने मार्केटिंग की पढ़ाई का विकल्प चुना। इसके बाद उन्होंने हॉलीवुड और बॉलीवुड के मार्केटिंग तरीकों पर एक शोध किया।

पीएचडी करने के बाद मूंदड़ा कैलिफोर्निया चले गए, जहां वे हॉलीवुड के संपर्क में आए। साल 1979 में उन्होंने पूरी तरह फिल्मकार बनने का फैसला किया। आने वाले दिनों में मूंदड़ा राजनीतिक व्यंग्य ‘किस्सा कुत्ते का’ बनाने वाले थे।

मूंदड़ा ने हॉलीवुड में भी कई फिल्में बनाईं, जिनमें ‘द जिग्सॉ मर्डर्स’, ‘हैलोवीन नाइट’, ‘नाइट आईज’, ‘एलए गॉडेस’, ‘सेक्सुअल मैलाइस’ और ‘टेल्स ऑफ द कामसूत्र-2 : मानसून’ मुख्य हैं।

बॉलीवुड की कई हस्तियों ने मूंदड़ा के निधन पर दुख व्यक्त किया है। फिल्मकार शेखर कपूर ने ट्विटर पर लिखा है कि जगमोहन मूंदड़ा और उनकी पत्नी चंद्रा लॉस एंजिल्स जाने वाले भारतीय फिल्म उद्योग के बहुत से लोगों को ठिकाना उपलब्ध कराते थे। जब मैं वहां पहली बार गया, तो उन्होंने मुझे भी कई महीने तक रखा। ऐसा कोई समय नहीं था, जब उनका घर मेहमानों के लिए खुला नहीं रहता हो। मुझे वे बहुत याद आएंगे।

अनुपम खेर ने लिखा है कि विश्वास नहीं हो रहा कि जगमोहन दुनिया छोड़कर चले गए। वे बहुत अच्छे व्यक्ति थे। गायिका श्रेया घोषाल के मुताबिक, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। आपको हमेशा याद किया जाएगा।

वरिष्ठ अभिनेता कबीर बेदी ने लिखा कि मेरे हॉलीवुड के समय के मित्र मूंदड़ा के निधन पर मुझे बहुत दुख हो रहा है। मैं उनसे अंतिम बार शम्मी कपूर के अंतिम संस्कार में मिला था। अभिनेत्री शबाना आजमी ने लिखा है कि जगमोहन मूंदड़ा का निधन बहुत दुख की खबर है।

No comments:

Post a Comment