Monday, September 12, 2011

एशियाई चैंपियंस हॉकी: पाक को पराजित कर भारत चैंपियन

ओरडोस (चीन)। भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में हराकर पहला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता जीत ली है।

चीन के शहर ओरडोस में रविवार को खिताबी मुकाबले का परिणाम निर्धारित समय में नहीं आ पाया। 15 मिनट के अतिरिक्त समय में भी दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाई-ब्रेकर में खिंचे पेनल्टी शूटआउट के जरिए मुकाबले का परिणाम आया।

भारतीय टीम ने पेनल्टी शूटआउट के जरिए पाकिस्तान को 4-2 से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान से पिछले हार का बदला भी चुकता कर लिया।

इससे पहले, पाकिस्तान ने इस वर्ष मई में मलेशिया में खेले गए सुल्तान अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में भारत को 3-1 से पराजित किया था।

भारत की ओर से पेनल्टी शूटआउट में कप्तान राजपाल सिंह, दानिश मुज्तबा, युवराज वाल्मीकि और सरवनजीत सिंह ने विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए कुल चार गोल किए जबकि गुरविंदर सिंह चांडी का प्रयास असफल रहा।

उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अजेय रही है। भारत ने लीग के अपने पहले मुकाबले में चीन को 5-0 से हराया था जबकि जापान के साथ उसने 1-1 से ड्रॉ खेला था।

तीसरे मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से पटखनी दी थी वहीं मलेशिया के खिलाफ उसका मुकाबला 2-2 से बराबरी पर छूटा था।

इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को 2-2 की बराबरी पर रोका था। इस वर्ष भारत और पाकिस्तान की यह दूसरी भिड़ंत थी।

No comments:

Post a Comment